वक्फ बोर्ड घोटाला: विधायक अमानतुल्लाह की बढ़ी मुश्किल, मामले में आरोप तय
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दिल्ली वक्फ बोर्ड में नियुक्तियों में अनियमितताओं से जुड़े सीबीआई के मामले में राउज ऐवन्यू कोर्ट ने अमानतुल्लाह और 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। यह पूरा मामला वक्फ बोर्ड में सीईओ और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति में अनियमितता से जुड़ा है।

जानकारी के मुताबिक कोर्ट ने अमानतुल्लाह खान और महबूब आलम पर साजिश रचने और भ्रष्टाचार के आरोप तय किए हैं।जबकि, बाकी के 9 लोगों पर साजिश रचने के आरोप तय किए गए हैं।बता दें कि बीते कई सालों से ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ कर्मचारियों की नियुक्ति में अनियमितता का मामला लंबित है।यह मामला तब सामने आया, जब अमानतुल्लाह खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन थे। उस दौरान उन्होंने कई लोगों की नियुक्तियां कराई थीं।

इन नियुक्तियों को लेकर उन पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने कर्मचारियों की भर्ती के लिए कैश जमा किया था।साथ ही कई सहयोगियों के नाम पर प्रॉपर्टी भी खरीदी थी।इतना ही नहीं, आरोप है कि 2018 से 2022 के बीच उन्होंने वक्फ बोर्ड की कई प्रॉपर्टी को पट्टे पर भी देकर मुनाफा कमाया।उस समय कुल 32 लोगों को वक्फ बोर्ड में नौकरी देकर भर्ती किया गया, जिनमें से 5 एमएलए के रिश्तेदार और 22 उनके ओखला विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल थे। उल्लेखनीय है कि वक्फ बोर्ड की जमीन घोटाले में ईडी भी कई बार अमानतुल्लाह खान को नोटिस भेज चुकी है।इसके बाद ही एजेंसी ने विधायक के खिलाफ कोर्ट का रुख किया। वहीं, कई मामलों में अमानतुल्लाह पुलिस हिरासत में भी लिए जा चुके हैं।
















