विधायक की चुनौती: गिरधारी लाल साहू को बिहार लाओ 10 लाख इनाम दूंगा

विधायक की चुनौती: गिरधारी लाल साहू को बिहार लाओ 10 लाख इनाम दूंगा

पटना।
तहलका 24×7 
               बिहार की महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर प्रदेश में बवाल मचा है। विपक्ष के नेता इसपर निशाना साधा रहे हैं। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के प्रमुख व सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने तो इनाम की भी घोषणा कर दी।सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर इंजीनियर इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार की महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले उत्तराखंड के नेता को बिहार पकड़ कर लाने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपया इनाम दूंगा।
इधर, इस मामले पर बिहार राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।आयोग का कहना है कि बयान न केवल महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि सामाजिक रुप से भी अत्यंत निंदनीय है।बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने इस बयान को महिलाओं के स्वाभिमान पर सीधा आघात बताया है।
आयोग का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से बिहार की महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है और वे स्वयं को अपमानित महसूस कर रही हैं। आयोग ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
जिस परिवार से यह बयान सामने आया है, उसी परिवार की सदस्य एक महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री हैं। ऐसे में महिलाओं के प्रति इस प्रकार की भाषा व सोच और भी अधिक चिंताजनक है। सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपनी जिम्मेदारी और शब्दों की मर्यादा समझनी चाहिए।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने उत्तराखंड सरकार से आग्रह किया है कि मंत्री के पति द्वारा दिए गए बयान पर त्वरित और उचित कार्रवाई की जाए। उनसे सार्वजनिक रुप से स्पष्टीकरण और माफी सुनिश्चित कराई जाए। आयोग ने कहा है कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
दरअसल, उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने कथित तौर पर बिहार की महिलाओं के संदर्भ में बयान दिया था कि ”शादी नहीं हो रहा है तो खरीद लो, बिहार में लड़कियां 20 से 25 हजार रुपये में मिल जाती हैं।” इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने माफी मांगी है और बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश करने की बात कही।
Previous articleपति को पत्नी और उसके प्रेमी से जान का खतरा, लगाई मदद की गुहार
Next articleहर गांव को ‘सोलर गांव’ बनाया जाय: जिलाधिकारी
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?