विषधर के डंसने से रिटायर्ड होमगार्ड की मौत,परिवार में मचा कोहराम
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के सफीपुर गांव में गुरुवार को विषैले सर्प के डंसने से एक रिटायर्ड होमगार्ड की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।गांव निवासी फूलचंद्र (65) गुरुवार पूर्वाह्न अपने घर के कमरे में टंगी शर्ट पहनने लगे।इसी दौरान वहां मौजूद एक विषधर ने उनके पैर में डंस लिया।शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और घर से बाहर चले गए।

कुछ देर बाद लौटने पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।उन्हें चक्कर आया और वह अचेत होकर गिर पड़े।परिजन आनन-फानन में उन्हें पहले खेतासराय,फिर शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया,जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार,घटना के कुछ समय बाद उसी स्थान पर एक विषधर सर्प और बिल्ली के बीच संघर्ष भी देखा गया।वहीं,परिजनों का दावा है कि मौके पर दो करैत सांप दिखाई दिए थे।थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















