मालगाड़ी की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, शव के हुए कई टुकड़े
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप कासिमपुर स्थित पोल संख्या 853 के पास गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति की मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।हादसा इतना भीषण था कि शव के कई टुकड़े रेलवे ट्रैक पर बिखर गए।घटना की सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के मालगाड़ी की चपेट में आने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने रेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव के क्षत-विक्षत अवशेषों को एकत्र कर कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरु की।पुलिस के अनुसार,मृतक की उम्र लगभग 35 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।

काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान नहीं हो सकी।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना दुर्घटना थी,आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















