शराब के लिए पैसे न मिलने पर मां की हत्या के अपराध में बेटे को 10 साल का कठोर कारावास
हरदोई।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शराब के लिए रुपये न मिलने पर अपनी मां की हत्या करने वाले बेटे को अदालत ने 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।न्यायालय ने दोषी पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में उसे दो वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार सण्डीला थाना क्षेत्र के ग्राम सनई निवासी राजकुमार कोई काम-धंधा नहीं करता था और नशे का आदी था।1 जुलाई 2022 की सुबह उसने खेत में बने छप्पर के पास अपनी मां रामपती से शराब पीने के लिए रुपये मांगे।मां द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह आगबबूला हो गया और पास में पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया।हमले में रामपती गंभीर रुप से घायल होकर बेहोश हो गईं।

शोर सुनकर पहुंचे परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे,लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर राज कुमार को दोषी करार दिया।न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाने के साथ 10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया।आदेश के अनुसार,यदि दोषी अर्थदंड जमा नहीं करता है तो उसे दो वर्ष का अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा।


















