शादी के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप,पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के शाहपंजा मोहल्ला निवासी संदीप पुत्र रामअजोर ने मोहल्ले में किराए पर रह रहे दो लोगों पर बेटी की शादी का हवाला देकर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाया है।पीड़ित ने मामले में कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित संदीप के अनुसार आरोपी छेदीलाल ठठेरा उर्फ लम्बू तथा उसका पुत्र सिद्धांत,पल्थी रोड भादी स्थित पारसनाथ शिक्षा निकेतन के सामने के निवासी हैं।

दोनों लंबे समय से यहां एक मकान में किराए पर रह रहे थे,जिससे मोहल्ले के लोगों में उनका विश्वास बन गया था।आरोप है कि दोनों बीसी सेंटर (कस्टमर सर्विस सेंटर) संचालित कर लोगों का पैसा जमा कराने और लेन-देन का कार्य करते थे।संदीप का आरोप है कि छेदीलाल और सिद्धांत ने बेटी की शादी का हवाला देते हुए उनसे करीब पांच लाख रुपये यह कहकर उधार लिए कि दो माह बाद जमीन बेचकर रकम वापस कर देंगे। इसी तरह संदीप मौर्य पुत्र रमाशंकर मौर्य से तीन लाख रुपये तथा गोलू कबाड़ी पुत्र लालता प्रसाद से सात लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ितों का कहना है कि समय बीतने के बाद जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी टालमटोल करने लगे।काफी दबाव के बाद छेदीलाल ने केनरा बैंक का चेक दिया, लेकिन बैंक में जमा करने पर वह बाउंस हो गया।आरोप है कि दोबारा पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


















