संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मिला पति-पत्नी का शव,बेटी ने जताई हत्या की आशंका
आजमगढ़।
तहलका 24×7
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे के अंदर पति-पत्नी का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतकों की पहचान श्यामलाल (80) और उनकी पत्नी बसंता देवी (70) के रुप में हुई।

बताया गया कि दंपती के चार पुत्र और एक पुत्री हैं तथा सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।परिवार की बेटी ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले बुजुर्ग दंपती ने अपनी जमीन-जायदाद का बंटवारा किया था।आरोप है कि बंटवारे के अगले दिन बड़े बेटे और उसकी पत्नी का किसी बात को लेकर बुजुर्ग दंपती से विवाद हुआ था।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दोनों खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए।

शनिवार सुबह छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।मृतक दंपती की पुत्री ने अपनी बड़ी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने मौके का निरीक्षण किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया जहर देने का आरोप सामने आया है,हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
















