समलैंगिक रिश्ते में रोड़ा बने पति को रास्ते से हटाने की रची खौफनाक साजिश
# पत्नी ने सुपारी देकर कराई हत्या, एसपी ने किया सनसनीखेज खुलासा
फतेहपुर।
तहलका 24×7
जिले में एक किसान की हत्या के पीछे जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को हैरत में डाल दिया। असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में हुए किसान सुमेर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह समलैंगिक संबंधों में पति का रोड़ा बनना बताया गया है।एसपी अनूप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मृतक किसान सुमेर सिंह की पत्नी रेनू का गांव की ही महिला मालती देवी से घनिष्ठ संबंध था।

दोनों की बढ़ती नजदीकियों पर सुमेर को शक हुआ तो उसने मालती का घर आना-जाना बंद कर दिया। इसके बावजूद दोनों छिप-छिपकर मिलने लगीं। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा और कई बार मारपीट भी हुई। एसपी ने बताया कि मालती देवी ने रेनू को एक कीपैड मोबाइल दिलवाया, जिससे दोनों चोरी-छिपे संपर्क में रहती थीं। जब सुमेर ने इस पर भी सख्ती दिखाई और आपत्ति जताई, तो पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची गई।

रेनू ने मालती के माध्यम से सुपारी किलर को पैसे देकर अपने पति की हत्या की योजना बनवाई।14 जनवरी को सुमेर सिंह अपने ट्यूबवेल पर गया, जहां कुछ समय बाद उसका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस ने इस हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया। गहन जांच, सर्विलांस और पूछताछ के बाद हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया गया। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि हत्या को अंजाम देने वाले सुपारी किलर राजू सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उसके साथ मृतक की पत्नी रेनू और मालती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। हत्या में शामिल दो अन्य अभियुक्त जितेंद्र और राम प्रकाश फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसपी ने कहा कि यह मामला रिश्तों के टूटने और गलत रास्तों पर बढ़ती सोच का खतरनाक उदाहरण है। कानून से कोई भी ऊपर नहीं है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।








