नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष

नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष

# युवा नेतृत्व और क्षेत्रीय संतुलन का दिया संदेश

नई दिल्ली।
तहलका 24×7 
               भारतीय जनता पार्टी ने 45 वर्षीय नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले को संगठन में पीढ़ीगत बदलाव, युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय संतुलन साधने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नितिन नबीन बिहार से आने वाले भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।भाजपा नेतृत्व का मानना है कि यह निर्णय संगठनात्मक क्षमता, अनुभव, कार्यकुशलता के आधार पर लिया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नेतृत्व चयन में उम्र या जाति नहीं बल्कि संगठन में योगदान को प्राथमिकता दी गई है। नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। इससे पहले अमित शाह ने 49 वर्ष और नितिन गडकरी ने 52 वर्ष की उम्र में यह जिम्मेदारी संभाली थी। पार्टी के इस फैसले को युवाओं को सक्रिय राजनीति से जोड़ने के प्रयास के रुप में देखा जा रहा है।
बिहार से आने वाले नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से पूर्वी भारत को संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। इससे बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम व उत्तर-पूर्वी राज्यों में पार्टी की रणनीति को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नितिन नबीन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर की थी।
वह अब तक लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। बिहार सरकार में वे पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास तथा विधि जैसे अहम विभागों के मंत्री रह चुके हैं।संगठनात्मक स्तर पर वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
इसके अलावा सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में संगठन प्रभारी के रुप में भी उन्होंने कार्य किया है।पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन का कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां उनके नेतृत्व में की जाएंगी। नई टीम में युवाओं, महिलाओं और अनुभवी नेताओं के संतुलित प्रतिनिधित्व पर जोर दिया जाएगा।
Previous articleइमाम हुसैन के मदीने से कर्बला सफर की याद में निकला 38 रजब का जुलूस
Next articleसमलैंगिक रिश्ते में रोड़ा बने पति को रास्ते से हटाने की रची खौफनाक साजिश
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?