साइकिल से घर लौट रहे मजदूर की गोली मारकर हत्या,क्षेत्र में सनसनी
चंदौली।
तहलका 24×7
अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप साइकिल से घर लौट रहे एक मजदूर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार,मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुभुजपुर गांव निवासी मनोज कुमार (38) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।पटपरा गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।गोली लगने से मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।स्थानीय लोगों की सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की।मृतक की पहचान जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

















