सीएम योगी की सौगात: 15 दिन तक टोल-फ्री रहेगा गंगा एक्सप्रेसवे
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनहित में बड़ा फैसला लेते हुए गंगा एक्सप्रेसवे को कमर्शियल ऑपरेशन डेट से 15 दिनों तक टोल-फ्री रखने की घोषणा की है।इस निर्णय से आमजन बिना किसी शुल्क के प्रदेश के सबसे लंबे और अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे का अनुभव कर सकेंगे।मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परियोजना के कन्सेशनैयर्स और अडानी इन्फ्रास्ट्रक्चर को 15 दिनों तक टोल वसूली स्थगित रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

इस अवधि में यात्रियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।इंडिपेंडेंट इंजीनियर द्वारा कंसेशन एग्रीमेंट के अनुच्छेद 14.3.1 के तहत प्रोविजनल सर्टिफिकेट जारी होने के साथ ही एक्सप्रेसवे की सीओडी निर्धारित हो गई है।इसके बाद यह मार्ग आमजन के उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार माना गया है।करीब 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर शुरुआती 15 दिनों तक मुफ्त यात्रा की सुविधा से अधिक से अधिक लोग इसकी गुणवत्ता,गति और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव कर सकेंगे।

सरकार का मानना है कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा,परियोजना के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा। गंगा एक्सप्रेसवे को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत टोल मॉडल पर विकसित किया गया है,जिसमें कन्सेशनैयर्स को 27 वर्षों तक टोल वसूली का अधिकार है।हालांकि,15 दिन की टोल छूट से होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई राज्य सरकार या यूपीडा द्वारा कंसेशन एग्रीमेंट के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी।

यूपीडा ने स्पष्ट किया है कि टोल-फ्री अवधि के दौरान भी सड़क की गुणवत्ता,सुरक्षा,ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जनपदों को जोड़ता है और इसे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।15 दिनों की यह टोल छूट आमजन को राहत देने के साथ इस मेगा प्रोजेक्ट के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार करेगी।
















