प्रेम विवाह बना दूल्हे की मौत का कारण, रास्ते में हुई वारदात से मचा हड़कम्प

प्रेम विवाह बना दूल्हे की मौत का कारण,रास्ते में हुई वारदात से मचा हड़कम्प

# दो साल पूर्व सोनी और आज़ाद की एक शादी समारोह में हुई थी मुलाकात

# एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए ईमाम की घोषणा की 

खेतासराय, जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7 
               शुक्रवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं,जब बारात लेकर जा रहे दूल्हे की रास्ते में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी आज़ाद बिन्द की बारात खेतासराय क्षेत्र के बीबीपुर जमदहां जा रही थी।मनेछा के पास अपाची सवार बदमाशों ने घात लगाकर दूल्हे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की,लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। मृतक के पिता रामलखन बिन्द की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।बताया जा रहा है कि दूल्हे की मां चन्तारा देवी को पहले ही किसी अनहोनी की आशंका थी।उन्होंने वधू पक्ष को इस संबंध में आगाह किया था और सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी की थी।
वधू पक्ष ने ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी थी।पुलिस विवाह स्थल तक पहुंची भी लेकिन वारदात बारात के पहुंचने से पहले ही रास्ते में अंजाम दे दी गई।मृतक के पिता के अनुसार,आज़ाद का पिछले दो वर्षों से सोनी नाम की युवती से प्रेम संबंध था।दोनों की सहमति और परिवारों की रजामंदी से छह महीने पहले शादी तय हुई थी।लेकिन सोनी का एक दूर का रिश्तेदार प्रदीप इस रिश्ते से नाराज़ था और लगातार दूल्हे को धमकी दे रहा था।
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।सूत्रों के अनुसार,आरोपी शादी में शामिल होने भी आया था लेकिन कुछ देर बाद वहां से चला गया।जिससे उस पर शक और गहरा गया है।बताया जा रहा है कि दो वर्ष पहले एक शादी समारोह में आज़ाद बिन्द और सोनी की मुलाकात हुई थी।धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरु हुई और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया।बाद में दोनों परिवारों की सहमति से शादी तय की गई।
वधू पक्ष में शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर थीं। करीब 200 बारातियों के स्वागत की भव्य व्यवस्था की गई थी।लेकिन जैसे ही दूल्हे के हत्या की मनहूस खबर पहुंची तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया।दुल्हन सोनी अपने दो भाइयों की इकलौती बहन है और परिवार इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित था।पुलिस ने दूल्हे की गाड़ी के चालक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।आशंका जताई जा रही है कि वारदात में अंदरुनी सूचना का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
फिलहाल इस जघन्य हत्याकांड को लेकर बेहद गंभीर हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने आरोपियों प्रदीप बिंद पुत्र सोमारु निवासी चिकसाँवा थाना बरदह जनपद आजमगढ़,रवि यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी सोंधी थाना खेतासराय व भोले राजभर पुत्र जियालाल निवासी जपटापुर थाना सराय ख्वाजा को गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है।घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय थाना,क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Previous articleसीएम योगी की सौगात: 15 दिन तक टोल-फ्री रहेगा गंगा एक्सप्रेसवे
Next articleमजदूरों के सम्मान में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?