सुल्तानपुर : भारतीय परम्परा के पोषक थे राधाकृष्णन- प्रो. एमपी सिंह
# राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ शिक्षकों का सम्मान
सुल्तानपुर। मुन्नू बरनवाल तहलका 24×7 ‘पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारतीय परम्परा के पोषक थे। शिक्षा को लेकर उनकी अपेक्षा क्या थी और आज का शिक्षक उस पर कितना खरा उतर रहा है इसको जाने समझे बिना शिक्षक दिवस मनाना अधूरा रहेगा।’ यह बातें राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ एमपी सिंह ने कहीं। वे महाविद्यालय में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति ने सभी शिक्षकों को श्रीमद्भागवत गीता की पुस्तक व पेन देकर सम्मानित किया। प्रबंधक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान सनातन परम्परा है।महाविद्यालय ने इस परम्परा को आगे बढ़ाया है। उप प्राचार्य डॉ निशा सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया भारतीय शिक्षा पद्धति की कायल रही है। यहां के शिक्षकों के कारण ही भारत विश्वगुरू था। सरकार की नई शिक्षा नीति ने शिक्षा को हल्का किया है।
समारोह की अध्यक्षता एडवोकेट शुभ नारायण सिंह व संचालन डॉ प्रभात श्रीवास्तव ने किया। स्वागत प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी व आभार ज्ञापन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक इंद्रमणि कुमार ने किया। समारोह में पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ राधेश्याम सिंह समेत अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।