जौनपुर : श्रीराम लीला समिति की प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक सम्पन्न
# छाया रहा जर्जर सड़क, बदहाल बिजली व बिजली के तार-खम्भे का मुद्दा
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 कस्बा स्थित श्रीराम लीला भवन में सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों और समिति के पदाधिकारियों के बीच बैठक आयोजित हुई। एसडीएम नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने अपनी मांग रखी। बैठक में नगर की जर्जर सड़कों और बिजली के तार-खंभों का मसला छाया रहा। एसडीएम ने सारी मांगों को समय रहते पूरा करने का आश्वासन दिया।
सोमवार शाम हुई बैठक में एसडीएम के अलावा क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार भी मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष नारायण अग्रहरि ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में साफ सफाई और गल्लामंडी में मंचन स्थल के पास टूटे खड़ंजे को बनवाने की मांग की गई। इसके अलावा बिजली विभाग से त्योहार के दौरान निर्बाध आपूर्ति समेत मुख्य मार्ग पर जर्जर खंभों और तारों को दुरुस्त कराने की मांग की। बैठक में मौजूद एसडीओ रोशन जमीर को एसडीएम ने सारी खामियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने एनएच प्राधिकरण से बात करके मुख्य मार्ग पर गड्ढों को पटवाने का आश्वासन दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रफीक फारूकी ने मेला क्षेत्र में आपात समस्या से निपटने के लिए चिकित्सा कैंप लगाने की बात कही। क्षेत्राधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद रहेगा। संचालन फिरतू राम ने किया। बैठक में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या, इंदुनाथ पांडेय, विनोद अग्रहरि, अनिल मोदनवाल, भुवनेश्वर मोदनवाल, सुनील अग्रहरि, अश्विनी अग्रहरि, बिजेंद्र अग्रहरि, मनोज अग्रहरि आदि मौजूद रहे।