स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला: अब पोस्ट-पेड की तरह काम करेंगे, प्रीपेड व्यवस्था खत्म
वाराणसी/लखनऊ।
तहलका 24×7
प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था में अहम बदलाव का फैसला लिया है।तकनीकी दिक्कतों,उपभोक्ताओं की शिकायतों को देखते हुए अब सभी स्मार्ट मीटर पोस्ट-पेड मीटर की तरह कार्य करेंगे।इसके साथ ही प्रीपेड व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार अब उपभोक्ताओं को हर महीने की 1 से 30 तारीख तक की खपत का बिल अगले 10 दिनों के भीतर एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा जाएगा।बिल मिलने के बाद निर्धारित समय सीमा में भुगतान करना होगा,जैसा कि पहले पारंपरिक मीटर में होता था।उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराएं और विभाग से आने वाले संदेशों पर ध्यान दें, ताकि बिल संबंधी जानकारी समय पर मिल सके।

साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में महीने के भीतर बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाएगी।
बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए उन्हें 10 किश्तों में भुगतान की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

हाल ही में लगाए गए स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए शक्ति भवन में बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

















