हर घर तिरंगा अभियान के तहत सीएससी ने निकाली बाइक रैली
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देश पर कॉमन सर्विस सेंटर की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ ही हर घर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

सीएससी के जिला प्रबंधक अनुराग सिंह ने बताया कि मंत्रालय के निर्देश पर जनपद के सभी सीएससी केंद्रों के माध्यम से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।इसके तहत करीब 50 सीएससी केंद्रों एवं आधार सेवा केंद्रों पर राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।शुक्रवार दोपहर नईगंज में बाइक रैली निकाली गई।रैली सीएससी मुख्यालय से शुरु होकर वाजिदपुर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवार सीएससी संचालकों ने देशभक्ति का संदेश दिया।

रैली में शिवम,प्रमेश,बादल,संतोष,शशि,अनुज,अनिल सहित क्षेत्र के कई सीएससी संचालक शामिल रहे।जिला प्रबंधक अनुराग सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस दौरान सरकारी सेवाओं के संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में दो हजार से अधिक जनसेवा केंद्र संचालित हैं।इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है।ग्रामीणों को अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही बैंकिंग,आधार सहित विभिन्न आवश्यक सेवाओं के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।अधिकांश सेवाएं उन्हें ग्रामीण स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।

















