अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, मचा कोहराम
# शाहापुर गांव के पास हुआ हादसा, दो मासूम बेटे हुए अनाथ
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के शाहापुर गांव के पास गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में अनिल यादव (35) की मौत हो गई। अनिल अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

घटना से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आजमगढ़ जिले के पवई थानान्तर्गत औराडार गांव निवासी अनिल यादव लंबे समय से अपने ननिहाल दुलीपुर जमदहां गांव निवासी मामा जियालाल यादव के यहां रहते थे। बताया जा रहा है कि अनिल गुरुवार की शाम किसी कार्य से खेतासराय बाजार आए थे। काम निपटाकर देर शाम घर लौटते समय शाहापुर गांव के समीप हादसे का शिकार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामाश्रय राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा था, जिसे पीआरवी 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी रही। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी रही। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान हो सके।


















