अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे झोपड़ी में घुसा, सो रहे दम्पति गंभीर
शाहगंज, जौनपुर।
विजय यादव
तहलका 24×7
आजमगढ़ मार्ग स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के समीप बीती रात अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में घुस गया। जिसमें सो रहे दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

क्षेत्र के भादी गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के समीप सड़क के किनारे खानाबदोश धरकार परिवार अपना डेरा डाल कर रहते हैं। बीती रात तीन बजे के करीब एक ट्रक अनियंत्रित होकर झोपड़े में घुस गया। जिसमें सो रही सिंधु (35) पत्नी संजय कुमार व संजय कुमार (40) पुत्र स्व. सूरज धरिकार गंभीर रुप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को देकर आनन-फानन में घायलों को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी रही।
















