अबूझ हालत में किशोरी की मौत, परिजनों में कोहराम
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र के हमजापुर गांव में बुधवार को एक किशोरी की अबूझ हालत में मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। जिसे लेकर लोगों के बीच तमाम तरह की चर्चा रही। देर शाम मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका के परिजनों की मानें तो किशोरी महक (16) पुत्री हकीमुद्दीन कमरे में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकी मिली।

आनन-फानन में उसे शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि लोगों के बीच सर्पदंश से मौत होना चर्चाओं में रहा। उधर पुलिस के अनुसार शरीर पर सर्पदंश का कोई लक्षण नहीं है, गले पर फंदे का निशान पाया गया। घटना के समय घर पर मृतका की चाची थी, जबकि उसके चाचा निजामुद्दीन क्षेत्र के एक इण्टर कालेज में बतौर शिक्षक पढ़ाने गए हुए थे। मृतका की माता खैरूननिशा और पिता मुम्बई में रहते हैं। वह घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। मृतका ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी।

परिजनों की मानें तो मृतका को मोबाईल की लत लग गई थी, मना करने पर उसके द्वारा इस तरह का प्राणघातक कदम उठा लिया गया। कपड़ा उठाने गई चाची द्वारा उसे लटकी अवस्था में देखने के बाद सन्न रह गईं। लोगों की मदद उसे नीचे उतारा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस सन्दर्भ में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने मृतका द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही।








