अमन यादव ने NEET-UG 2026 में लहराया परचम,क्षेत्र का बढ़ाया मान
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के बिस्वा गांव के होनहार छात्र अमन यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया।अमन ने 720 में से 573 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 21638 हासिल की है।वह अपने गांव से नीट में चयनित होने वाले पहले छात्र बने हैं।अमन यादव,रमेश चंद्र यादव के पुत्र हैं।उन्होंने प्राथमिक शिक्षा कन्या पाठशाला बिस्वा से प्राप्त की।

इसके बाद ज्ञान हंस विद्यालय खुदौली से हाईस्कूल तथा ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।इंटरमीडिएट में उन्होंने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की कठिनतम प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक नीट में सफलता हासिल करने वाले अमन ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता,गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।

अमन की सफलता की सूचना मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।परिजनों,रिश्तेदारों,शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।ग्रामीणों ने कहा कि अमन की यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।


















