अयान हत्याकांड की जांच में कोतवाली पहुंचे पुलिस अधीक्षक
# दो घंटे तक ईलाज करने वाले प्राइवेट चिकित्सकों और परिजनों से की पूछताछ
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के मिल्लत नगर में ननिहाल आए दस वर्षीय अयान पुत्र अफजल खान निवासी उसरहटा की मौत के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पिता शुक्रवार की सुबह पुलिस अधीक्षक से मिला। घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसपी डा. कौस्तुभ शाम को कोतवाली पहुंचे, जहां घटना से संबंधित लोगों से लम्बी पूछताछ की।साढ़े चार बजे कोतवाली पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने लगभग दो घंटे तक लोगों से पूछताछ की।

बालक को गोली लगने के बाद आरोपियों ने परिवार को सूचना दिए बिना ही उसका उपचार कराने के लिए प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सकों से सम्पर्क किया। जिसपर एसपी ने इलाज करने वाले डा. अब्दुल्ला, डा. सालेह व डा. मोहसिन से लम्बी पूछताछ की। घटना के चश्मदीद रहे मृतक अयान के भाई अफ्फान (12) से भी घटनाक्रम की जानकारी लेने के अलावा मृतक के मामा अतीकुर्रहमान, खलेरे मामा असद, पिता अफजल खान से जानकारी ली। परिजनों के मुताबिक एसपी ने भरोसा दिलाया कि घटना में जिन जिन लोगों की भूमिका होगी उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगीे।

फिलहाल शुक्रवार दोपहर में ही घटना के मुख्य आरोपी उसरहटा निवासी आदिल ने पुलिस की नाकेबंदी को धता बताते हुए न्यायालय में समर्पण कर दिया। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लकीर पीटती नजर आ रही है। मामले में पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने मामले को गम्भीर बताते हुए, जांच की बात कर कोई बयान देने से मना कर दिया। एसपी के जाने के बाद तीनों चिकित्सक थाने पर बैठे सवालों का सामना करते रहे। सूत्रों की माने तो एक चिकित्सक की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है, जिसका आरोपियों से खासा दोस्ताना जग जाहिर है।
















