आजमगढ़ : चोरी के आभूषण के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
देवगांव कोतवाली पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी के आभूषण जिसकी कीमत करीब 5.5 लाख रुपये है, उसे बरामद कर लिया है। चोर अब तक कई घटना को अंजाम दे चुके हैं।देवगांव प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि 30 जून 2022 को थाने में कुंवर अवध बिहारी पुत्र मुराली राम निवासी खनियरा ने तहरीर दी थी।

आरोप था कि उनके घर का ताला तोड़कर एक लैपटाप, एक मोबाईल, गहने व 30 हजार रुपये नगदी चोरी हुए हैं। वहीं 26 जुलाई 2022 को गोलाबाजार निवासी बृजेश गुप्ता पुत्र कालिका प्रसाद ने भी लिखित तहरीर दी कि उनके घर में रखे गहने व 40 हजार रुपये नगदी चोरी हो गए हैं। इसके बाद 30 अगस्त को सर्वेश प्रजापति पुत्र बालचंद प्रजापति ग्राम रणमों ने भी तहरीर दी कि उनके घर में रखे मोबईल, सोने चांदी के गहने व 50 हजार रुपये नगदी चोरी हो गए। वहीं 18 सितंबर को ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पुत्र स्व. रामलखन सिंह निवासी रामपुर कठरवां ने तहरीर दी कि उनके घर में रखे घर का सामान, टीवी, एक डबल बैरल बंदूक व 10 हजार रुपये नगदी चोरी होने हो गया। पुलिस सभी घटनाओं की छानबीन कर रही थी।

शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे, उपनिरीक्षक अनुपम जायसवाल व अन्य साथियों के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि कई दिनों से चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी मसीरपुर तिराहे पर हैं। इस सूचना पर पुलिस बल द्वारा मसीरपुर तिराहे के पास से चार लोगों को शाम करीब 7.55 बजे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी में हरिकेश सिंह, सिंधु सिंह, ऋषिकेश निवासी बेनूपुर थाना मेंहनगर वर्तमान पता सुरूहुलपुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ व अमित राजभर निवासी खनियरा थाना देवगांव बताए गए हैं। उनके पास से चोरी गए एक मंगलसूत्र व दो मंगलसूत्र का लाकेट, चार अंगूठी, 10 कान की बाली, दो चैन, दो पायल व चोरी के 13 मोबाईल व एक बड़ी कढ़ाई एल्युमिनियम (कीमत लगभग 5.5 लाख रूपये) व एक मोटर साइकिल व कुल 3970 रुपये बरामद किया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं के मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।


















