आजमगढ़ : जिला अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से बंदी हुआ फरार, मचा हड़कंप
# जिला अस्पताल में एक दिन पूर्व कराया गया था बंदी को भर्ती
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
जेल से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया एक बंदी बुधवार को पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। बंदी के फरार होते ही साथ लेकर गए बंदी रक्षकों के हाथ-पांव फूल गये। आनन-फानन में शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और फरार हुए बंदी की तलाश में जुट गई।

रौनापार थाना क्षेत्र के टुकौली गांव निवासी सूरज कुमार (20) पुत्र विनोद को पुलिस ने एक माह पूर्व चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। बीते एक माह से वह आजमगढ़ जिला कारागार में बंद था। मंगलवार की देर शाम जेल में उसकी तबीयत खराब हुई। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने दो बंदी रक्षकों के साथ उसे जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा था।

बुधवार को दिन में लगभग साढ़े तीन बजे बंदी सूरज जेल से साथ आए बंदी रक्षकों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। इलाज के लिए जेल से जिला अस्पताल लाए गए बंदी के फरार होने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और फरार बंदी की तलाश में जुट गई। अस्पताल परिसर में ही बंदी के फरार हो जाने से घंटों गहमा-गहमी की स्थिति रही।

# सुरक्षा में लगे चार हेड कांस्टेबल पर मुकदमा दर्ज
जिला कारागार में चोरी के आरोप में बंद कैदी सूरज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुरक्षा में चार हेड कांस्टेबल नंदलाल यादव, सुजीत शर्मा, बृजेश यादव व जितेश सोनकर की ड्यूटी लगाई गई थी। शाम साढ़े तीन बजे बंदी जिला अस्पताल से फरार हो गया। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि चारों हेड कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। फरार बंदी की तलाश में पुलिस की टीम लगी है।

















