आजमगढ़ : ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, कुचलकर अधेड़ महिला की मौत
रानी की सराय। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के सोनवारा अंडरपास के पास शुक्रवार की सुबह ट्रेलर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक पर सवार अधेड़ महिला की कुचलने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ट्रक को थाने ले आई।
जानकारी के अनुसार गंभीपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो गांव निवासी अखिलेश अपनी मां भानुमति (65) को लेकर दवा दिलाने शुक्रवार की सुबह नौ बजे आजमगढ़ जा रहा था। सोनवारा अंडरपास के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बाइक में धक्का मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर सवार अधेड़ महिला भानुमति नीचे गिर गईं और पीछे से आ रहे ट्रेलर के नीचे आ गईं। इससे उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेलर को मौके पर ही छोड़कर चालक भाग गया। महिला को दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। पति की पहले ही मौत हो चुकी है।