आजमगढ़ : नकल माफिया की दो गाड़ी और घर का सामान कुर्क
# पुलिस के पहुंचते ही सपा नेता के घर मचा हड़कंप
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
टीईटी परीक्षा में नकल कराने वाले गैंग के खुलासा के बाद अब गैंग के फरार मेंबरों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। जिले में फरार चल रहे चार नकल माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई करने के लिए कोर्ट में आवेदन किए थे।

इसके साथ ही फरार नकल माफिया सपा नेता इसरार अहमद सहित चार आरोपियों पर पुलिस ने दस-दस हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया था। इसके बाद भी आरोपी हाजिर नहीं हुए। जिसके बाद सपा नेता एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख इसरार अहमद के घर पुलिस बल पहुंची और कुर्की की कार्रवाई की। जनवरी माह में हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा की सुचिता भंग करने का जिले में बड़ा प्रयास हुआ था। जिसका खुलासा पुलिस ने परीक्षा वाले दिन 23 जनवरी 2022 को ही कर दिया था। इसके बाद लगभग 51 लाख रुपये के चेक व कैश की बरामदगी दिखाने के साथ ही 22 लोगों को गिरफ्तार किया था।

इसके साथ ही पुलिस ने आठ लोगों को फरार बताया था। जिन्हें दो माह के लंबे समय के बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। प्रकरण की विवेचना सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी कर रहे थे। आरोपियों से पूछताछ में आठ अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे जिसमें से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चार आरोपी अब भी फरार चल रहे है। फरार आरोपियों में पूर्व प्रमुख सपा नेता इसरार अहमद, महराजगंज थाने के सिंघवारा खास गांव निवासी जगजीवन, शहर के आहोपट्टी गांव निवासी सुनील यादव और शहर के रैदोपुर गांव निवासी तुषार सिंह शामिल हैं।

















