आजमगढ़ : भीषण गर्मी में मिल रही है महज 10 से 12 घंटे बिजली, जनता हलकान
रानी की सराय। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 भीषण गर्मी के चलते लोग बेहाल हैं। ऐसे में कई-कई घंटे तक बिजली गायब रहने से लोगों का दिन का चैन व रात की नींद हराम हो गई है। रात के समय तो छत पर या घर के बाहर लेट कर गर्मी से कुछ राहत पा ले रहे हैं लेकिन दिन के समय कई घंटे बिजली गायब रहने से लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। शेड्यूल के हिसाब से बिजली नहीं मिल रही है। अप्रैल माह से ही गर्मी पूरी तरह से चरम पर है। ऐसी स्थिति में हर कोई बिजली से राहत की आस में है लेकिन बिजली विभाग भी सितम ढाने में पीछे नहीं है।
क्षेत्र में रानी की सराय स्टेशन से 80 गांवों को विद्युत आपूर्ति होती है। गर्मी के सितम के बीच बिजली विभाग भी लोगों पर रहम नहीं बरत रहा है। दिन और रात मिलाकर सिर्फ दस से बारह घंटे ही बिजली नसीब हो रही है। वह भी कट- कट कर आ रही है। बिजली के आने-जाने का कोई समय निर्धारित नहीं रह गया है। क्षेत्र के अजय सैनी, मनोज गुप्ता, आशीष, अजय तिवारी आदि ने बताया कि विभाग सिर्फ कागजों में बिजली की आपूर्ति हो रही है। कई जगहों पर तार जर्जर हो गए हैं। दिन में कई बार बिजली आती-जाती है। जिसकी वजह से गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। ट्रांसफार्मर पर अगर एक तार टूट जाता है तो उसे जोड़ने में तीन से चार दिन लग जाता है गांवों में व्यवस्था बेहतर नहीं है।