आजीवन सजा काटकर आए अपराधी ने वृद्ध पर किया जानलेवा हमला
बलिया।
तहलका 24×7
गड़वार थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में बुधवार की सुबह खेत में शौच करने जा रहे जनार्दन राम (60) को रास्ते में रोककर गांव के ही राधेश्याम ने धारदार हथियार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। जनार्दन के चिल्लाने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे और किसी तरह से उनकी जान बचाई। जान लेने पर अमादा राधेश्याम को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।

गांववालों ने बताया कि हमलावर राधेश्याम सनकी किस्म का है। वह दोहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट कर दो साल पूर्व घर आया है। वर्ष 2006 में वह अपने चचेरे भाई विजय व उसकी पत्नी देवांती को धारदार हथियार से काटकर मौत की नींद सुला दिया था। घटना के संदर्भ में किसी भी तरह के विवाद से इंकार करते हुए बताया कि जनार्दन को खेत के तरफ जाते देख राधेश्याम उन्हें गाली देते हुए उनपर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।















