आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, बेटा गंभीर

आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत,बेटा गंभीर

# तीन घंटे तक लगा जाम, मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग

वाराणसी। 
तहलका 24×7 
                शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर बाईपास स्थित हनुमान मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में मिट्टी के कुल्हड़ बेचने जा रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार आम लदी डीसीएम ने कुचल दिया।हादसे में 65 वर्षीय छेदी लाल प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 35 वर्षीय बेटा काशी गंभीर रुप से घायल हो गया।उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार,हटिया (बसकड़ा) निवासी छेदी लाल अपने बेटे के साथ कुल्हड़ बेचने जा रहे थे।इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए पलट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,चौराहे के पास मकान निर्माण के लिए मुख्य सड़क पर मिट्टी डाली गई थी।उसी पर वाहन चढ़ने से चालक नियंत्रण खो बैठा।हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
परिजनों ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे बनारसी की भी तीन माह पूर्व ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी।लगातार दूसरी पारिवारिक त्रासदी से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
सूचना पर एसडीएम नितिन सिंह,एसीपी अपूर्व पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।अधिकारियों ने शासन स्तर से मिलने वाली सहायता और नियमानुसार हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।इसके बाद करीब तीन घंटे से लगा जाम सुबह लगभग साढ़े नौ बजे समाप्त हो गया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।
Previous articleछह हजार रुपये के बकाये पर बैंक शाखा की बिजली कटी, घंटों ठप्प रहा काम
Next article80 लाख की सुपारी में हुई थी कारोबारी की हत्या, मुठभेड़ में दो इनामी शूटर घायल, पांच गिरफ्तार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?