इंसानियत की मिसाल: मेडिकल कॉलेज कर्मी ने रक्तदान कर महिला को दिया जीवनदान

इंसानियत की मिसाल: मेडिकल कॉलेज कर्मी ने रक्तदान कर महिला को दिया जीवनदान

खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7
              इंसानियत और सेवा की भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण मेडिकल कॉलेज में देखने को मिला,जहां एक कर्मी ने समय पर रक्तदान कर गंभीर रुप से बीमार महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।खेतासराय कस्बा निवासी आशा देवी गंभीर बीमारी के चलते उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचीं।चिकित्सकीय जांच में उनके शरीर में अत्यधिक खून की कमी पाई गई,जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की सलाह दी।
परिजनों के सामने सबसे बड़ी समस्या समय पर रक्त की व्यवस्था करना था।महिला की बिगड़ती हालत को देखकर परिवार के लोग काफी परेशान थे।इसी दौरान मेडिकल कॉलेज में कार्यरत शुभम शर्मा को मरीज की स्थिति की जानकारी मिली।मानवता का परिचय देते हुए उन्होंने बिना किसी देरी के रक्तदान करने का निर्णय लिया और एक यूनिट रक्त दान किया।रक्त उपलब्ध होने के बाद आशा देवी का उपचार शुरु हो सका,जिससे उनकी हालत में सुधार आया।
महिला के परिजनों ने शुभम शर्मा के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ रक्तदान ही नहीं किया,बल्कि एक जीवन को बचाने का कार्य किया है।मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने भी शुभम शर्मा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर रक्त मिलना मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण था।
उनका यह कदम समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है और यह संदेश देता है कि “रक्तदान महादान” है।क्षेत्र में शुभम शर्मा के इस मानवीय कार्य की खूब चर्चा हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे युवा समाज में सेवा,परोपकार और मानवता की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं तथा दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
Previous articleपांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोप, नामजद आरोपी फरार
Next articleराम मंदिर दानपात्र चोरी मामले में संतोष दुबे का बड़ा दावा, बोले- जल्द करूंगा ऐसा खुलासा, देश रह जाएगा दंग
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?