ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में ब्लॉक पर सचिवों ने भरी हुंकार

ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में ब्लॉक पर सचिवों ने भरी हुंकार

# सत्याग्रह तेज, काली पट्टी बांधकर जताया रोष

खेतासराय, जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
               उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के आह्वान पर विकास खण्ड शाहगंज सोंधी मुख्यालय पर तैनात ग्राम पंचायत सचिवों ने सोमवार को ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में सत्याग्रह किया। सुबह से ही सभी सचिव मुख्यालय पर एकत्र हुए और काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।विरोध प्रदर्शन के बाद सचिवों ने कार्य तो शुरु किया, लेकिन अपनी नाराजगी और समस्याओं को स्पष्ट शब्दों में प्रशासन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
सचिवों का कहना है कि सरकार द्वारा लागू की जा रही ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली व्यवहारिक रुप से फील्ड कर्मचारियों के लिए उपयुक्त नहीं है। बताया कि यह व्यवस्था कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों या अध्यापकों तक में पूर्ण रुप से लागू नहीं हो सकी, ऐसे में ग्राम पंचायत सचिव, जिनके ऊपर कई-कई गांवों का दायित्व होता है, वे अपनी उपस्थिति कहां, कैसे और किस समय दर्ज कराएं? यह बड़ा सवाल है। फील्ड में लगातार दौड़-धूप करने वाले सचिवों के पास न तो इंटरनेट की स्थायी सुविधा होती है और न ही हर समय लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करना संभव है।
सचिवों ने इसे उनकी कार्य परिस्थितियों को समझे बिना थोपा गया कदम बताया।सचिवों ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव पहले से ही विभिन्न विभागों स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, आवास योजना, राजस्व कार्य, सर्वेक्षण, जनगणना, पोर्टल आधारित रिपोर्टिंग आदि की जिम्मेदारियों से बोझिल हैं। ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति का दबाव उन पर अतिरिक्त मानसिक और कार्यात्मक बोझ डालता है। यह व्यवस्था फील्ड कर्मियों का शोषण का एक नया तरीका प्रतीत होती है।
विरोध कर रहे सचिवों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सार्थक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि उनकी समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों पर ध्यान न देने की स्थिति में वे अन्य विभागीय कार्यों का भी सामूहिक बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।इस दौरान प्रमुख प्रमोद कुमार सिंह, दीपक यादव, राकेश सिंह, दीपक सिंह, विनोद, संतोष, हरिश्चंद्र, शिवमूर्ति यादव, विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
Previous articleप्रदेश में नई श्रम संहिता लागू
Next articleकफ सिरप तस्करी: पुलिस ने औषधि विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?