ओवैसी की तुलना इमाम हुसैन से करना गलत,बयान देने वाले माफी मांगें: जियाउर्रहमान बर्क
संभल।
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तुलना हजरत इमाम हुसैन से किए जाने वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।उन्होंने कहा कि धार्मिक हस्तियों की तुलना किसी राजनीतिक व्यक्ति से करना न केवल अनुचित है बल्कि इससे बचना भी चाहिए।सांसद बर्क ने कहा कि दुनिया में चाहे कोई बड़ा नेता हो या आम व्यक्ति,कोई भी हजरत इमाम हुसैन के मुकाम तक नहीं पहुंच सकता।

उन्होंने कहा,”हम उनके पांव की जूती की धूल के बराबर भी नहीं हैं।उनकी कुर्बानियां और शिक्षाएं पूरी इंसानियत के लिए मिसाल हैं।”उन्होंने कहा कि राजनीति में नेताओं को बयान देते समय संयम और जिम्मेदारी बरतनी चाहिए।किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी की तुलना यजीद, नमरूद या फिरौन से करना और किसी नेता को इमाम हुसैन बताना उचित नहीं है।बर्क ने संबंधित बयान की निंदा करते हुए कहा कि जिन्होंने ऐसी टिप्पणी की है, उन्हें अपने शब्द वापस लेकर सार्वजनिक रुप से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके किसी समर्थक या सहयोगी ने ऐसा बयान दिया होता तो वह स्वयं उसकी निंदा करते।गौरतलब है कि हाल ही में मुरादाबाद में हाफिज वारिस ने एक सभा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी की तुलना हजरत इमाम हुसैन से करते हुए उनके विरोधियों की तुलना यजीद,नमरूद और फिरौन से की थी।इसके बाद यह बयान राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।


















