कन्नौज जेल से बंदी के फरार होने पर तत्कालीन अधीक्षक निलंबित, आठ कर्मियों पर भी गिरी गाज
लखनऊ।
तहलका 24×7 जेल में नव वर्ष के जश्न के दौरान दो बंदियों के भागने के मामले में लापरवाही सामने आने पर तत्कालीन जेल अधीक्षक को निलंबित किया गया है। अब तक इस मामले में आठ जेल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं जेल से फरार एक बंदी की तलाश में पुलिस टीमों की दबिश जारी है।चार जनवरी को जिला कारागार में तत्कालीन जेल अधीक्षक भीमसैन मुकुंद की मौजूदगी में नव वर्ष का जश्न चल रहा था।

इस दौरान कंबलों की रस्सी बनाकर जेल की 22 फीट ऊंची दीवार फांद कर पॉक्सो एक्ट में बंद ठठिया थाना क्षेत्र के गांव मलगवां निवासी डिंपी उर्फ शिवा और आर्म्स एक्ट में जेल में बंद तालग्राम थाना के गांव हजरापुर निवासी अंकित फरार हो गए थे।

जेल से बंदियों के भागने में लापरवाही मिलने पर जेलर विनय प्रताप, डिप्टी जेलर बद्री प्रसाद, जेल वार्डन शिवेंद्र सिंह, अतुल मिश्रा, नवीन कुमार, हेड वार्डन जयपाल और बंदी रक्षक कपिल को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद कारागार डीजी पीसी मीणा ने जेल अधीक्षक भीमसैन मुकुंद को भी जांच के बाद लापरवाही पर निलंबित कर दिया है।








