कालेज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल
# प्रिंसिपल बोले- खेल मैदान बनवाना चाहता हूं, रिटायर्ड कर्मचारी व बेटे पर लगाए गंभीर आरोप
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
टीडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सत्यप्रकाश सिंह और कॉलेज के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के बीच जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रधानाचार्य ने पूर्व कर्मचारी पर कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जा करने और वहां अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रधानाचार्य श्री सिंह का कहना है कि कॉलेज परिसर के पास की खाली जमीन पर गुमटी रखकर सिगरेट, गुटखा आदि बेचे जा रहे हैं।

कुछ अराजक तत्व उस दुकान के पास खड़े होकर कॉलेज की छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसते हैं और उन्हें घूरते हैं, जिससे छात्राओं को असहजता का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी, डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने गुमटी हटाने का आदेश भी दिया, लेकिन उसी वक्त रिटायर्ड कर्मचारी का पुत्र सिटी मजिस्ट्रेट से उलझ गया और जांच में व्यवधान डालने की कोशिश की।कहा यदि यह जमीन खाली हो जाती है तो वहां पर खेल मैदान बनवाना चाहता हूं, जिससे बच्चों को सुविधा मिलेगी। लेकिन नगर पालिका प्रशासन दबाव में आकर कार्रवाई करने से कतरा रहा है।

वहीं गुमटी संचालक रतनलाल निषाद ने कहा कि प्रधानाचार्य सिर्फ गुमटी हटवाकर जमीन पर पक्का निर्माण करना चाहते हैं और बाद में उसे किराये पर देना चाहते हैं, जिससे हमारा रोजगार छिन जाएगा। फिलहाल उक्त विवाद प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है, मामला सिर्फ जमीन कब्जे का नही, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा और संस्थान की गरिमा का भी है। कॉलेज प्रबंधन ने मांग की है कि जल्द अतिक्रमण हटवाकर कॉलेज परिसर को सुरक्षित व अनुशासित माहौल में बदला जाए।

















