खराब हुए ट्रांसफार्मर को लेकर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन कर की नारेबाजी
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
तीन माह के अन्दर दो ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण डीह अशरफाबाद गांव के उपभोक्ताओं का गुस्सा गुरुवार को सातवें आसमान पर पहुंच गया।ट्रांसफार्मर के पास पहुंचकर उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों के विरुद्ध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।गांव के हरिजन बस्ती में तीन माह के दौरान 10 केवीए के दो ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से वहां के उपभोक्ताओं में गुरुवार को विभाग के प्रति जमकर आक्रोश दिखा।

आरोप है कि एक ट्रांसफार्मर जहां ढाई माह से खराब पड़ा है वहीं दूसरे ट्रांसफार्मर को खराब हुए 24 दिन बीत गए। इस बाबत शिकायत करने पर जेई ने उपभोक्ताओं को नेताओं से फोन कराने का पाठ पढ़ाया, वहीं अन्य विभागीय लोगों पर मामले में अनदेखी करने का आरोप लगाया गया।बिजली के अभाव में उपभोक्ताओं के सब्र का बांध आखिरकार गुरुवार को टूट पड़ा और उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

गांव निवासी उपभोक्ता सुरेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में दर्जन भर से अधिक उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर के पास पहुंच कर प्रदर्शन करते हुए विभागीय लोगों के प्रति जमकर नारेबाजी की।इस दौरान हरिराम गौतम, राकेश यादव, सोनू, भोलू, श्रीराम, भाईलाल आदि मौजूद रहे।

















