चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट,हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप,बदमाश फरार
बिलासपुर रोड।
तहलका 24×7
बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में चलती अवस्था के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने दो यात्रियों से करीब सात लाख रुपये लूट लिए।घटना बिलासपुर रोड स्टेशन क्षेत्र के पास हुई,जहां बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार रुद्रपुर निवासी रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।

दोनों एक ऑटोमोबाइल कारोबारी के लिए सामान खरीदने जा रहे थे और अपने साथ लगभग 7 लाख रुपये नकद लेकर यात्रा कर रहे थे।सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने रकम को कमर में बेल्ट के सहारे छिपा रखा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रोड स्टेशन के पास धीमी हुई,पहले से सवार तीन बदमाशों ने दोनों यात्रियों को घेर लिया।हथियारों के बल पर उन्हें धमकाकर नकदी से भरी बेल्ट छीन ली गई।अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की और इसके बाद चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।यात्रियों से पूछताछ के साथ आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया,लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने स्टेशन व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरु कर दिए हैं।

शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि बदमाशों को नकदी की सटीक जानकारी किसी अंदरूनी व्यक्ति से मिली हो सकती है।घटना के बाद व्यापारियों में रोष व्याप्त है।रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।व्यापार मंडल ने रेलवे प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

















