चार वर्षीय मासूम की हत्या का आरोपित छह घंटे में गिरफ्तार,जुर्म कबूला
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जफराबाद थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम की हत्या के मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपित साहबलाल निषाद (42) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपित ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।पुलिस के अनुसार,मृतक बच्ची के परिजन की तहरीर पर जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई।

घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि घटना वाली रात आरोपित को बच्ची के पास देखा गया था।इसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि साहबलाल निषाद नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं रहती थी।

उसकी गतिविधियों से परेशान होकर उसकी पत्नी बच्चों के साथ गुजरात में रहने लगी थी,जबकि वह गांव में अकेला रह रहा था।पुलिस के अनुसार,आरोपित के खिलाफ वर्ष 2022 में मारपीट और धमकी देने का एक मुकदमा भी दर्ज है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार किया।पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















