चुनावी रंजिश में अधेड़ की गोली मारकर हत्‍या

चुनावी रंजिश में अधेड़ की गोली मारकर हत्‍या

आजमगढ़।
तहलका 24×7                                                              जिले के पवई थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान के बेटे सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर घटना की छानबीन में जुटी है। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक अजय कुमार सिंह की पत्नी सुनीता सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पति अजय कुमार सिंह बुधवार की शाम घर से बाइक लेकर निकले थे। काफी देर तक वापस घर नहीं आए तो सुनीता ने उनके मोबाइल पर फोन किया। जब फोन भी नहीं उठा तो उसने अपने बेटे शिवा सिंह और भतीजे अंकित सिंह को उन्हें ढूंढने के लिए भेजा। गांव में काफी तलाश किया लेकिन, अजय का कुछ पता नहीं चल सका। उधर, गांव के बाहर पश्चिम की तरफ मंदिर के पास उसका शव पड़ा हुआ मिला। सिर से खून बहकर जमीन पर फैला था। जिसे देखकर बेटे और भतीजे ने सुनीता को फोन कर इसकी जानकारी दी।

पत्नी का आरोप है कि उसके पति का पूर्व में रामनगर के शिवम सिंह, रमन, अपने गांव सलारपुर के वर्तमान प्रधान के बेटे गिरिजा राजभर, गांव के पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह उर्फ संजय सिंह व राजेश धूरिया आदि से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर पति की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण चिराग जैन, पवई थाना व फूलपुर कोतवाली की पुलिस व क्षेत्राधिकारी फूलपुर भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जांच के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम, डॉग स्क्वायड व फिल्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मृतक अजय कुमार सिंह पास के ही एक इंटर कॉलेज में लिपिक के पद पर काम करते थे। उनकी पत्नी की तहरीर पर थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच में चुनावी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleपुलिस टीम पर हमला करने वालों का एनकाउंटर
Next articleकॉलेज गेट के सामने छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर रेफर
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?