चेन पुलिंग कर ट्रेन पर पथराव करने के 10 आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
कटवार हाल्ट पर चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने और ईंट-पत्थर बरसाकर यात्रियों में दहशत फैलाने के 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी कतार में खड़े होकर अपने किए पर शर्मिंदगी जाहिर करते हुए माफी मांगते नजर आए।घटना 9 जुलाई की है, जब जौनपुर से रायबरेली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस कटवार हाल्ट के समीप पहुंची, कुछ युवकों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया।

ट्रेन में सवार कुछ लड़कों की पहचान होने पर अभियुक्त रोहित यादव और सौरभ यादव ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुलाया। सभी अभियुक्त एक पुराने विवाद की रंजिश से संबंधित युवकों की तलाश में ट्रेन में चढ़े थे। उक्त रंजिश दो महीने पूर्व राजाबाजार बनकट में एक बारात के दौरान हुए विवाद से जुड़ी थी।

जब यात्रियों ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में भगदड़ मच गई, कई शीशे टूट गए। पुलिस ने वायरल वीडियो और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दस लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोहित यादव, शशिकांत यादव, अखिलेश यादव, आशु यादव, सागर बिंद, शुभम मौर्य, कृष्णा यादव, संकेत पाल, प्रिंस बिंद और पवन यादव शामिल हैं।

बरसठी थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही करते हुए चालान भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















