चोरी के सामान के साथ पांच गिरफ्तार
# तीन अलग अलग गांवों में चोरी की घटना को दिया था अंजाम
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
भटपुरा गांव के मोड़ के पास से पुलिस ने बुधवार को पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अलग अलग तीन गांवों में की गई चोरी का सामान भी बरामद करने का पुलिस ने दावा किया।
प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम घुसिया ने बताया कि गत 30 जून को नगवां गांव निवासी बाबूराम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अज्ञात चोर उसका हैंडपंप और टुल्लू पंप उखाड़ कर उठा ले गए।

इसी तरह उसी दिन सुइथाखुर्द गांव के अभिषेक कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसका हैंडपंप चोरी हो गया। गत 23 जून को मेंढ़ा गांव निवासी भगवान प्रसाद ने आरोप लगाया था कि उनके गांव के मंदिर से लगभग एक क्विंटल भार के पीतल के कई घंटे चोर पार कर दिए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। बुधवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त गांव के मोड़ पर पांच युवक तीन बोरे में कुछ सामान लेकर मौजूद हैं।

पुलिस की दो टीमें जिसमें उप निरीक्षक महेंद्र यादव और उप निरीक्षक बच्चूलाल के नेतृत्व में गठित कर दो तरफ से घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। उनके पास से तीनों जगहों से की गई चोरी का सामान अलग अलग बोरों से बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान सुइथाखुर्द गांव के हनी गौतम, इसी गांव के रूबेश गौतम, रोहित, राजन तथा शुभम गौतम बताया। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद चालान कर दिया।

















