जल जीवन मिशन की लापरवाही से राहगीरों की जान जोखिम में
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के मानीकला गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन लीकेज सुधार के नाम पर की गई खुदाई अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित मंदिर के पास सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे सड़क के बीचो-बीच गहरा गड्ढा बन गया है। गड्ढे में लगातार पानी भरा रहने के कारण राहगीरों की जान पर बन आई है।

ग्रामीणों के अनुसार अब तक करीब 14 लोग इस पानी से भरे गड्ढे में गिरकर घायल हो चुके हैं,जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं।घायलों को स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया,लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने अब तक सुधि नहीं ली।ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय और बरसात के दौरान यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

स्थिति को और भी गंभीर बनाता है यह तथ्य कि यह गड्ढा मंदिर के ठीक पास है, जहां रोज श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और बच्चों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह-शाम पूजा-अर्चना के समय यहां भीड़ रहती है, ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि जल जीवन मिशन के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा न तो सड़क की मरम्मत कराई गई है और न ही किसी प्रकार की चेतावनी पट्टी, संकेतक या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।

इससे विभागीय लापरवाही और उदासीनता साफ झलकती है।ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से शिकायत की,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।लोगों में आक्रोश व्याप्त है और वे मांग कर रहे हैं कि तत्काल गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसी बड़े हादसे की पूरी आशंका बनी हुई है, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर जल जीवन मिशन के जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी।

















