जौनपुर : अब चौबीसों घंटे खुला रहेगा पक्का पोखरा रेलवे क्रासिंग
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
नगर वासियों के बड़ी खुशखबरी है, कस्बे के पक्का पोखरा स्थित रेलवे क्रॉसिंग का फाटक अब पूरे 24 घंटे तक खुलेगा। अभी तक यह फाटक सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ही खुलता था, जिससे लोगों को शाम के वक्त खुटहन रोड तक जाने के लिए जाम से जूझते हुए कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता था। सोमवार की शाम सीनियर सेक्शन इंजीनियर और स्टेशन अधीक्षक ने इसका शुभारंभ किया और इसे समाजसेवी देवी प्रसाद चौरसिया मंटू के लगातार कोशिशों का नतीजा बताया।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर कैलाश नाथ और शाहगंज स्टेशन अधीक्षक वीके यादव ने सोमवार शाम फीता काटकर फाटक के 24 घंटे खुलने की सुविधा का शुभारंभ किया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि स्थानीय समाजसेवी देवी प्रसाद पिछले कई सालों से इस फाटक को पूरे समय तक खोले रखने की मांग अलग अलग मंच पर कर रहे थे। अब जाकर यह मांग मान ली गई। स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि बहुत पुरानी मांग पूरी होने से लोगों को राहत मिलेगी और इस क्षेत्र का भी विकास होगा।



















