जौनपुर : कनेक्शन काटने गए एसडीओ व जेई को ग्रामीणों ने घेरा
बरसठी। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के गनेशपुर भन्नौर में बृहस्पतिवार को विद्युत बकाएदारों व बिजली चोरी करने वालों का कनेक्शन काटने गए अवर अभियंता व उप खंड अधिकारी को ग्रामीणों ने घेर लिया। जेई ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही घेराव करने वाले फरार हो गए। इस मामले में एसडीओ ने तीन नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसडीओ बरसठी सुधीर सोनकर बुधवार की शाम को अवर अभियंता पंकज जायसवाल, कुलदीप यादव को लेकर गनेशपुर भन्नौर में विद्युत बिल बकाया न जमा करने पर कनेक्शन काटने गए थे। अधिकारी विद्युत केबिल काटकर गाड़ी से वापस आने लगे। आरोप है कि विजय प्रताप सिंह, अकबर अली, राजेश कुमार ने उनकी गाड़ी रोक कर उनके साथ दुर्व्यहार किया और गाड़ी का शीशा खोलने के लिए पीटने लगे। गाड़ी का शीशा न खोलने पर उन लोगों ने फोन कर 50 लोगों को गांव से बुला लिया।
विद्युत अधिकारी ने घिरता देख उच्चाधिकारियों के साथ एसडीएम मड़ियाहूं व पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसडीएम मड़ियाहूं अर्चना ओझा, बरसठी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार डेढ़ दर्जन पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस व प्रशासन की गाड़ी आता देख सभी लोग भाग निकले। इसके बाद एसडीओ सुधीर सोनकर, जेई पंकज जायसवाल व कुलदीप यादव की तहरीर पर पुलिस ने उक्त तीनों पर नामजद व 50 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसडीओ ने बताया कि किसी का 30 हजार बिल बकाया था तो किसी का 40 हजार बकाया था, इसके साथ ही चोरी से कॉमर्शियल बिजलाी जलाई जा रही थी। जिस पर कनेक्शन काटने गए थे।