जौनपुर : गुजरात से भागी नाबालिग किशोरी एंव युवक चढ़े पुलिस के हत्थे
# गुजरात एंव मड़ियाहूं पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बरामद हुई किशोरी
मड़ियाहूं।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मदेवा गांव में कोतवाली पुलिस एवं गुजरात पुलिस के संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक हफ्ते पूर्व गुजरात से भगा कर लाई गई नाबालिग लड़की एवं युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे आवश्यक कार्रवाई के बाद गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई।मड़ियाहूं के ब्रह्मदेवा गांव निवासी मनोज कन्नौजिया का पुत्र रवि कन्नौजिया गुजरात प्रांत के महिर नगर शहर में रहकर मजदूरी करता था।

वहीं पर कक्षा 12 की छात्रा निकिता से उसका प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद एक मार्च को रवि कन्नौजिया उसको गुजरात से भगा कर अपने घर ब्रह्मदेवा गांव स्थित मंदिर में शादी करके साथ रहने लगा। तीन मार्च को निकिता के पिता हरिभाई अहिरे ने अडाजन पुलिस स्टेशन में मुकदमा गुमशुदगी का दर्ज कराया। जिसके बाद से पुलिस लड़की की तलाश मोबाइल सर्विलांस के जरिए कर रही थी। गुजरात पुलिस को सर्विलांस के जरिए उत्तर प्रदेश के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में उसका लोकेशन मिलने पर सोमवार की सुबह गुजरात शहर के अडाजन पुलिस स्टेशन से हेड कांस्टेबल अरविंद एवं महिला कांस्टेबल लीना मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचकर कोतवाल अशेषनाथ से गिरफ्तारी में सहयोग की मांग किया।

















