जौनपुर : जर्जर मार्ग से स्कूली बच्चे व ग्रामीण गुजरने को मजबूर
# आकस्मिक दुर्घटना की आशंका से भयभीत रहते हैं आमजन
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 खुटहन रोड स्थित पूरे आजम गांव से सेंट जेवियर्स स्कूल को जोड़ने वाले करीब 50 मीटर लंबे मार्ग पर सड़क का नामोनिशान नहीं बचा है। स्कूल प्रबंधन और ग्रामवासियों ने कई बार लोकनिर्माण विभाग और एसडीएम के यहां इसकी शिकायत की। लोकनिर्माण विभाग ने जल निकासी की व्यवस्था और सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया लेकिन इस आश्वासन के 20 दिन बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ। लिहाजा बारिश की वजह से यह मार्ग कीचड़ और गंदे पानी से भरा हुआ है। स्कूल प्रशासन को आशंका है कि किसी दिन बड़ी दुर्घटना हुई तो बच्चों की सुरक्षा पर आंच आ सकती है।
स्कूल के प्रधानाचार्य संदीप सिंह ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण गजराज सिंह ने इस समस्या को लेकर राज्य सरकार के पोर्टल पर पिछले साल 28 जुलाई को शिकायत की थी। स्कूल प्रबंधन की तरफ से भी लोक निर्माण विभाग को पिछले साल 27 अक्टूबर को पत्र भेजा गया। लगातार शिकायतों के बाद लोकनिर्माण विभाग की तरफ से इसी आठ जुलाई को मार्ग की मरम्मत कराने और जल निकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ।
स्कूल के डायरेक्टर हिमांशु झा ने बताया कि बरसात के मौसम में उक्त मार्ग पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है और पूरा मार्ग कीचड़ से लथपथ रहता है। ऐसे में पैदल और साइकिल से आने वाले बच्चों के लिए यह बेहद दुरूह होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ले आने वाली गाड़ियों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा है। ऐसे में न सिर्फ बच्चे, बल्कि स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने उक्त मार्ग को तत्काल सही कराने की मांग की, ताकि आगे बरसात के मौसम में होने वाली दुश्वारियों से बचा जा सके।