जौनपुर : डायल 112 की मदद से छूटा अपहृत युवक
# कोतवाल ने कहा मामला प्रेम प्रसंग का..
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
कोतवाली पुलिस के दावे के अनुसार प्रेम प्रपंच में दबंगों ने युवक को अगवा कर लिया। अपहृत युवक के भाई की सूचना पर पीआरवी टीम ने त्वरित सक्रियता दिखाते हुए अपहृत युवक को नगर के एक निजी आईटीआई कॉलेज से बरामद कर लिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री हासिल कर लिया।

कोतवाली पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जिले के माहुल बाजार का रहने वाला युवक अनूप यादव शाहगंज कस्बा निवासी एक महिला से फोन पर बात करता था। रविवार को उक्त युवक के भाई ने पीआरवी वैन (डायल 112) को फोन करके बताया कि अनूप को शशि अग्रहरि नामक युवक जबरदस्ती उठाकर ले गया है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए पीआरवी कर्मी तत्काल सक्रिय हुए और कॉलर से मिले अपहरणकर्ता के नंबर का लोकेशन ट्रेस करते हुए कस्बा स्थित उक्त आईटीआई कॉलेज पहुंचे जहां युवक को छिपाकर रखा गया था। पीआरवी कर्मियों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
















