जौनपुर : नव निर्मित भाजपा कार्यालय का जेपी नड्डा ने किया वर्चुअली उद्घाटन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं का एक लंबे अरसे का इंतजार अब खत्म हो गया है। 10 जून को इस कार्यालय का उद्घाटन बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गोरखपुर से वर्चुअली किया। कार्यालय में लगे एलईडी पर वहां उपस्थित कार्यकर्ताओ ने उद्घाटन कार्यक्रम को देखा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा ने देश में 512 जिला कार्यालय बनाने का लक्ष्य तय किया है। आज मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि 230 कार्यालय बन कर तैयार हो गए हैं और 150 कार्यालयों के निर्माण का कार्य चल रहा है। उत्तर प्रदेश में 72 कार्यालय खुलने थे, यहां पर 69 कार्यालय खुल गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ भाजपा जहां कार्यालयों का उद्घाटन करती है तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा गरीब कल्याण के लिए हमारा जो सतत प्रयास है उस प्रयास को आगे बढ़ाने के लिए गरीब कल्याण मेला भी लगाती है और लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने का अंतिम पड़ाव भी पूरा करती है। हमारी सरकार जिम्मेदार और जवाबदेही वाली सरकार है। समस्या आने पर उससे लड़ने वाली सरकार है। इस मौके केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप मे प्रदेश मंत्री शंकर गिरी उपस्थित रहे। शहर से बाहर मछलीशहर रोड पर लखनऊ वाराणसी बाईपास के पास यह बिल्डिंग बनकर तैयार हुई है अब यहीं से बीजेपी की रणनीति तैयार हुआ करेगी। तीन मंजिला बिल्डिंग में अब बीजेपी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का नया ठिकाना होगा।

भारतीय जनता पार्टी जौनपुर के कार्यालय का उद्घाटन वैदिक मंत्रोचार के बीच मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री भारी उद्योग महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने किया। उन्होंने कार्यालय पर लगे शिलापट्ट का लोकार्पण किये, उसके उपरांत फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किये। उसके उपरांत कार्यालय के प्रत्येक कमरे में घूमकर अवलोकन किये। उसके उपरान्त पण्डित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाध्यक्ष ने स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से सभी में उत्साह का माहौल है। सभी को इसका लाभ बिना भेद भाव के मिला है।


















