लापता किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के पोरई खुर्द गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई,जब 15 वर्षीय लापता किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।किशोरी के घर से लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।पोरई खुर्द निवासी हरिश्चन्द्र पुत्र स्वर्गीय सुन्नर के अनुसार उनकी करीब 15 वर्षीय पुत्री अंशिका 11 अगस्त को घर से नाराज होकर चली गई थी।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की,लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।इसके बाद परिजनों ने थाने में सूचना दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरु कर दी। परिजन भी लगातार उसकी खोजबीन में जुटे रहे।
बुधवार को तलाश के दौरान पोरई खुर्द क्षेत्र में एक पेड़ पर दुपट्टे के सहारे किशोरी का शव लटका मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरु की।मृतका के पिता हरिश्चन्द्र ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















