जौनपुर : पत्रकार से प्रधान बने संतलाल सोनी को कायाकल्प के क्षेत्र में मिला प्रशस्ति पत्र
# विद्यालयों के कायाकल्प में बेहतरीन कार्य हेतु सोनी समेत तीन प्रधान किये गए सम्मानित
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
ब्लाक मुख्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित समारोह में विद्यालयों के कायाकल्प में बेहतरीन कार्य कराने हेतु पत्रकार से प्रधान बने इमामपुर गॉव के प्रधान संतलाल सोनी को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव तथा बीडीओ वीर भानु सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उनके अलावा पिलकिछा गॉव की युवा ग्राम प्रधान सुषमा यादव तथा तिघरा गॉव के प्रधान राजू गुप्ता को भी उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मंचासीन ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप गॉव का विकास करने वाले जनप्रतिनिधियों को समय समय पर सम्मानित किया जाना चाहिए। जिससे गॉव के विकास में उनके हौसलों की उड़ान में निरंतरता बनी रहे। मंच से सम्मानित तीनों ग्राम प्रधानों ने विद्यालयों के कायाकल्प के क्षेत्र में अच्छे कार्य किये है। जो अन्य ग्राम प्रधानों के लिए अनुकरणीय है। अब गांवों के विकास के लिए न तो धन की कमी है और न ही किसी के साथ भेदभाव की गुंजाइश है। सभी ग्राम प्रतिनिधियों को आगे बढ़कर अपने अपने गाँव के विकास पर जोर देना चाहिए। तभी एकात्म मानव की सच्ची परिकल्पना साकार हो सकेगी।

















