जौनपुर : पीयू के शिक्षकों में ऊर्जा की कमी नहीं- कुलपति
# सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनुदान पाने वाले शिक्षक और छह विद्यार्थी हुए सम्मानित
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हेतु शासन से अनुदान स्वीकृत हुआ। कुलपति सभागार में गुरुवार को अनुदान पाने वाले छह शिक्षकों और रिसर्च डेवलपमेंट ग्रांट पाने वाले शिक्षकों को भी कुलपति ने सम्मानित किया। इस अवसर पर गेट और जैम परीक्षा पास करने छह विद्यार्थी सम्मानित हुए।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक ऊर्जावान है, इसी का नतीजा है कि प्रदेश स्तर पर विश्वविद्यालयों में जो भी सुविधाएं मिल रही हैं उसे लेने में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षक अव्वल हैं।

उन्होंने कहा कि हालांकि शिक्षक सम्मानित पद होता है लेकिन इस सम्मान का मतलब उसके मनोबल को बढ़ाना है साथ में ही वे शिक्षक जो इस दिशा में प्रयास नहीं कर रहे हैं उनके लिए प्रेरणा का काम करता है। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की प्रो. वंदना राय, प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) संस्थान के निदेशक प्रो. देवराज सिंह, प्रबंध संकाय के संकाय अध्यक्ष प्रो. अविनाश पाथर्डीकर तथा प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) संस्थान स्थित वैकल्पिक ऊर्जा शोध केंद्र के विभागाध्यक्ष डॉ धीरेंद्र कुमार चौधरी है। इसके पूर्व 2020-21 का सम्मान पाने वाले डॉ. मनोज मिश्र और डॉ. आशुतोष सिंह को भी सम्मानित किया गया। रिसर्च डेवलपमेंट ग्रांट के लिए प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. वंदना राय, डॉ.अमरेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया।



















