जौनपुर : बदलापुर में 26 लोग डेंगू की चपेट में, स्वास्थ्य विभाग में खलबली

जौनपुर : बदलापुर में 26 लोग डेंगू की चपेट में, स्वास्थ्य विभाग में खलबली

# सीएचसी अधीक्षक, इंस्पेक्टर समेत 19 सिपाही आये डेंगू की चपेट में

बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
               मलेरिया, टाइफाइड के साथ ही अब डेंगू का डंक कहर बरपाने लगा है। बदलापुर में सीएचसी अधीक्षक, कोतवाली के इंस्पेक्टर, 19 सिपाही समेत कुल 26 लोगों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 11 में डेंगू की पुष्टि की है। कई की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।बड़ी संख्या में डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। बचाव और रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

उधर, शहर के भी कई इलाकों में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा मिले हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव हो गया था। मौसम में नरमी के कारण लोग कूलर चलाने से परहेज कर रहे हैं, जबकि उसमें पानी भरा छोड़ दिया हैं। ऐसे ही स्थानों पर डेंगू के मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। समुचित साफ-सफाई के अभाव में डेंगू ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा प्रकोप बदलापुर क्षेत्र में सामने आया है। यहां 26 लोगों में डेंगू के लक्षण पाए हैं। बदलापुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे खुद डेंगू से ग्रसित हैं। इनके अलावा उदपुर गेल्हवा के सुजीत शुक्ल (43), पुत्र ऋषभ शुक्ल (17), बदलापुर खुर्द के अभिषेक जायसवाल (35), डेहुड़ा के प्रदीप यादव (32), पट्टी दयाल के शिव शर्मा (20) को भी सीएचसी में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली में तैनात निरीक्षक पीके तिवारी, एसआई सरिता यादव और 19 सिपाही भी डेंगू से ग्रसित हैं। उनका अलग-अलग स्थानों पर उपचार चल रहा है। बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अरविंद पांडेय ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन दो-चार मरीज डेंगू के लक्षण वाले मिल रहे हैं।
Previous articleआजमगढ़ : हत्या के मामले में चार आरोपियों को उम्रकैद की सजा, 50-50 हजार जुर्माना
Next articleजौनपुर : कार्य में लापरवाही बरतने के लिए पीयू के तीन कर्मी निलंबित
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?